साइबर हमले ने Jaguar Land Rover का पूरा मुनाफा किया खत्म, Tata Motors के शेयर 3% से ज्यादा लुढ़के
साइबर हमले ने Jaguar Land Rover का पूरा मुनाफा किया खत्म, Tata Motors के शेयर 3% से ज्यादा लुढ़के
पैसेंजर और कमर्शियल वीइकल बनाने वाली टाटा मोटर्स के शेयरों में आज भारी गिरावट देखने को मिली। इसकी वजह एक मीडिया रिपोर्ट है, जिसमें दावा किया गया है कि इसकी प्रमुख सहायक कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) एक बड़े साइबर हमले का शिकार हुई है, जिससे उसे ₹23,900 करोड़ से अधिक का नुकसान होने की आशंका है। यह संभावित नुकसान JLR के वित्त वर्ष 2025 के पूरे मुनाफे से भी ज्यादा है। इस खबर के बाद टाटा मोटर्स के शेयर 3.43% की गिरावट के साथ ₹659.30 पर आ गए।
साइबर हमले का कितना हुआ नुकसान?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, JLR को हुए साइबर हमले का अनुमानित नुकसान करीब £200 करोड़ (लगभग ₹23,900 करोड़) है। यह झटका इसलिए भी बड़ा है क्योंकि यह नुकसान इंश्योरेंस कवरेज में नहीं था। तुलनात्मक रूप से, JLR ने वित्त वर्ष 2025 में £180 करोड़ (लगभग ₹21,500 करोड़) का शुद्ध मुनाफा कमाया था। इसका मतलब है कि एक ही घटना ने कंपनी की पूरे साल की कमाई को खत्म कर दिया।
इस हमले के बाद से JLR के कई प्लांट्स में प्रोडक्शन रुका हुआ है। कंपनी ने पहले ही प्रोडक्शन को 1 अक्टूबर तक के लिए बंद कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस कारण कंपनी को हर हफ्ते करीब £5 करोड़ का नुकसान हो रहा है। JLR के 33,000 कर्मचारियों में से कई को समस्या हल होने तक घर पर रहने को कहा गया है।
इंश्योरेंस डील हुई थी मिस
चौंकाने वाली बात यह भी है कि साइबर हमले से ठीक पहले JLR एक साइबर इंश्योरेंस डील पर काम कर रही थी, लेकिन वह डील पूरी नहीं हो पाई। इससे साफ पता चलता है कि कंपनी एक बड़े वित्तीय जोखिम में थी। यह घटना निवेशकों को जोखिम प्रबंधन पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर सकती है। हालांकि, JLR ने अभी तक इस नुकसान के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट ने निवेशकों के बीच घबराहट फैला दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें