GST रेट में कटौती की उम्मीद से Maruti Suzuki का शेयर 5 साल में सबसे ज़्यादा उछला, 9% की तेजी के साथ बनाया नया रिकॉर्ड
GST रेट में कटौती की उम्मीद से Maruti Suzuki का शेयर 5 साल में सबसे ज़्यादा उछला, 9% की तेजी के साथ बनाया नया रिकॉर्ड
ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए गुड न्यूज सामने आने के बाद आज शेयर बाजार में मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 9% की छलांग लगाकर ₹14,075.30 पर बंद हुआ, जो पिछले 5 साल में किसी एक दिन में सबसे बड़ी बढ़त है। इस तेजी के चलते शेयर ने ₹14,120 के इंट्रा-डे हाई के साथ एक नया 52-वीक हाई भी बनाया। शेयर में यह उछाल GST दरों में संभावित बदलावों की उम्मीद पर आया है।
क्या है नए GST सिस्टम में बदलाव का प्रस्ताव?
सूत्रों के अनुसार, सरकार GST सिस्टम में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। नए प्रस्ताव में सिर्फ दो GST स्लैब- 5% और 18% रखने की योजना है, जबकि 12% और 28% के मौजूदा स्लैब को खत्म किया जा सकता है। खास बात यह है कि केंद्र सरकार ने शुरुआती स्तर के टू-व्हीलर्स, छोटी कारों और हाइब्रिड पैसेंजर व्हीकल्स पर GST दरों में बड़ी कटौती का प्रस्ताव दिया है। इस कदम से आम जनता पर बोझ कम होगा और ऑटो सेक्टर में डिमांड बढ़ेगी।
छोटी कारों, जिनमें 1200cc से कम के इंजन हैं, उन पर GST दर को 28% से घटाकर 18% करने का प्रस्ताव है। यह बदलाव दिवाली तक लागू हो सकता है।
क्यों सबसे ज्यादा फायदा Maruti Suzuki को?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में GST रेट घटने का सबसे ज्यादा फायदा मारुति सुजुकी को होगा। ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली और नोमुरा का भी यही मानना है। उनका कहना है कि अगर कारों पर GST 10% से नीचे आया तो ऑटोमोबाइल की डिमांड 15-20% तक बढ़ सकती है, जिसका सीधा फायदा मार्केट लीडर मारुति को मिलेगा।
इस तेजी के साथ, मारुति सुजुकी का मार्केट कैप ₹4.42 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है। कंपनी में जून 2025 तक प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 58.28% थी। इसके अलावा, शेयर को कवर करने वाले 46 में से 36 एनालिस्ट्स ने इसे 'बाय' रेटिंग दी है, जो इसके मजबूत भविष्य की ओर इशारा करता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें