Reliance Retail ने खरीदा Kelvinator: क्या वापस लौटेगी इस सदी पुराने ब्रांड की चमक?
Reliance Retail ने खरीदा Kelvinator: क्या वापस लौटेगी इस सदी पुराने ब्रांड की चमक?
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की सब्सिडियरी, रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) ने प्रतिष्ठित होम अप्लायंसेज ब्रांड केल्विनेटर (Kelvinator) का अधिग्रहण कर लिया है। इस डील का मकसद भारत के तेजी से बढ़ते प्रीमियम होम अप्लायंसेज बाजार में रिलायंस रिटेल की स्थिति को मजबूत करना और अपनी ग्रोथ को गति देना है। हालांकि, इस अधिग्रहण की वित्तीय डिटेल्स अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं।
केल्विनेटर एक अमेरिकी कंपनी है जिसने एक सदी से भी अधिक समय से वैश्विक स्तर पर रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर, कूलर और वॉशिंग मशीन जैसे घरेलू उपकरण बनाए हैं। भारत में इसने 1963 में कदम रखा और 1970 व 80 के दशक में अपनी यादगार टैगलाइन "द कूलेस्ट वन" के साथ जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। यह अपनी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, बेहतर परफॉरमेंस और अच्छी क्वालिटी के लिए जानी जाती थी।
वर्तमान में, इलेक्ट्रोलक्स (Electrolux) केल्विनेटर ब्रांड के तहत फ्रिज और एसी की बिक्री करती है। दिलचस्प बात यह है कि 2019 में रिलायंस रिटेल ने पहले ही इलेक्ट्रोलक्स के साथ Licensing, Manufacturing, marketing और Distribution Deals की थी। यह अधिग्रहण उस मौजूदा साझेदारी का ही विस्तार माना जा रहा है।
"महत्वपूर्ण क्षण": ईशा अंबानी
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा एम. अंबानी ने इस अधिग्रहण को एक "महत्वपूर्ण क्षण" बताया। उन्होंने कहा, "केल्विनेटर का अधिग्रहण हमें भारतीय उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय ग्लोबल इनोवेशंस की हमारी पेशकश को महत्वपूर्ण रूप से व्यापक बनाने में सक्षम बनाता है। इसे हमारे बेजोड़ स्केल, कॉम्प्रिहैन्सिव सर्विस कैपेबिलिटीज और बाजार में अग्रणी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का सपोर्ट है।"
रिलायंस रिटेल का मानना है कि केल्विनेटर की इनोवेशन की समृद्ध विरासत को रिलायंस रिटेल के विस्तृत खुदरा नेटवर्क के साथ जोड़ने से उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त वैल्यू अनलॉक होगी। कंपनी पूरे भारत में तेजी से बढ़ते प्रीमियम होम अप्लायंसेज मार्केट में अपनी लीडरशिप पोजीशन को बढ़ाने और ग्रोथ को रफ्तार देने के लिए तैयार है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि रिलायंस रिटेल की मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पावर के साथ, क्या केल्विनेटर एक बार फिर भारतीय घरों में अपनी खोई हुई लोकप्रियता और प्रमुख स्थान हासिल कर पाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें